शिमला: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को शिमला में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को बांग्लादेश से इतना प्यार है, तो वे वहीं जाकर चुनाव लड़ें. सरमा ने यह तक कह दिया कि राहुल गांधी असम आ जाएं, तो वे उन्हें धक्का देकर बांग्लादेश में घुसा देंगे.
सभा में बोलते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''ये बांग्लादेशी यहां नहीं चलेगा. अगर इतना ही बांग्लादेश के लिए प्यार है, तो राहुल जी जाकर चुनाव बांग्लादेश से लड़ो.'' इसके बाद उन्होंने और तीखा हमला करते हुए कहा, ''आप असम आ जाओ, धक्का देकर मैं आपको बांग्लादेश घुसा दूंगा. आप आ जाओ, इतना बांग्लादेश से प्यार है तो आ जाओ असम में, मैं और सुवेंदु आपको पैराशूट लैंडिंग करवा दूंगा.''
सीएम ने यह भी ऐलान किया कि अब भारत में कभी कांग्रेस सत्ता में नहीं आने वाली. उन्होंने कहा कि शासन वोट और ईवीएम से बदलता है, और भाजपा वोट नहीं, लोगों के दिल चुराती है. सरमा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर ईवीएम का विरोध करने का आरोप लगाया, जबकि उन्हीं मशीनों से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है. उन्होंने राहुल गांधी को रायबरेली से अपनी जीत और लोकसभा में विपक्ष के नेता की स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती भी दी.
यह टिप्पणी बांग्लादेशी घुसपैठ और मतदाता सूची संशोधन (SIR) को लेकर चल रही सियासी बहस के बीच आई है. हिमंत बिस्वा सरमा लंबे समय से असम में जनसांख्यिकीय बदलाव और घुसपैठ के मुद्दे को उठाते रहे हैं और कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते आए हैं.