सीएम योगी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1334 अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र

Global Bharat 04 Sep 2024 04:37: PM 1 Mins
सीएम योगी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1334 अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में मिशन रोजगार के तहत सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है. बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चुने गए 1334 जूनियर इंजीनियर, कंप्यूटर ऑपरेटर, और फोरमैन को लेटर ऑफ अपॉइंटमेंट दिया. इस मौके पर राज्य सरकार के कई अधिकारी और मंत्री भी मौजूद रहे. 

आपको बता दें, योगी सरकार द्वारा मिशन रोजगार के तहत प्रदेश भर में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें निजी कंपनियों में युवाओं को रोजगार देने की कोशिश की जा रही है. बीते मंगलवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में आयोजित रोजगार मेले में भी युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए थे. साथ ही उन्होंने ये भी ऐलान किया की उनकी सरकार अगले दो साल में राज्य में दो लाख सरकारी नौकरियों को भरेगी.

बीते दो हफ्तों में अंबेडकर नगर, अयोध्या, अलीगढ़, मुरादाबाद आदि जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है, जिसमें कई युवाओं को रोजगार मिला है. इसी कड़ी में बुधवार 3 सितंबर, प्रयागराज में भी एक बड़ा रोजगार मेला आयोजित हो रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद चालीस हजार से अधिक पुलिस पदों को भरा जाएगा. 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 सितंबर को प्रयागराज में IFFCO मैदान में रोजगार मेले का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही वे युवाओं को ऋण प्रमाण पत्र भी प्रदान करेंगे. इसके अलावा, वे 600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उनकी नींव रखेंगे. मुख्यमंत्री प्रयागराज में कुंभ और विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा करेंगे. 

आपको बता दें, पिछले सात सालों में योगी सरकार ने 6.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां, 3.75 लाख से अधिक संविदा नौकरियां, और निजी क्षेत्र में दो करोड़ से अधिक रोजगार दे चुके हैं. इस प्रकार, योगी सरकार प्रदेश में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जिससे राज्य के युवा स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बन सकें.

Recent News