'गटर जेनरेशन' बयान पर बवाल! कंगना रनौत के खिलाफ लखनऊ पुलिस में शिकायत, FIR की मांग

Amanat Ansari 01 Aug 2026 08:03: PM 1 Mins
'गटर जेनरेशन' बयान पर बवाल! कंगना रनौत के खिलाफ लखनऊ पुलिस में शिकायत, FIR की मांग

लखनऊ: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने तहरीर देकर उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना रनौत ने 30 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के संबंध में सार्वजनिक बयान में छात्र-छात्राओं, युवाओं और महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं. तहरीर में कहा गया है कि उन्होंने देश की बेटियों को कथित तौर पर ‘गटर जेनरेशन’ कहा और ‘जेन जेड’ बेटियों के माता-पिता को भी अपमानित किया.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह न सिर्फ प्रदर्शनकारियों बल्कि पूरी नई पीढ़ी, महिलाओं, युवाओं और उनके परिवारों का अपमान है. उन्होंने विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने, सामाजिक भावनाओं को आहत करने और शांति भंग के लिए उकसाने जैसे आरोपों में FIR दर्ज कराने की मांग की है.

कंगना का बयान क्या था?

इससे पहले कंगना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर जेन-जेड के प्रदर्शनों पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने लिखा था कि इन वीडियो को देख उबकाई आती है और इतनी गंदगी व अभद्रता पहले कभी नहीं देखी. प्रदर्शन में शामिल युवतियों को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा था कि यह पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित नई पीढ़ी है, जिन्हें वे ‘गटर जेनरेशन’ कहती हैं.

कंगना ने सोशल मीडिया यूजर्स पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी फिल्मों के सीन्स का खुद के खिलाफ इस्तेमाल कर युवाओं को गुमराह किया जा रहा है. उन्होंने लिखा कि आज दूसरों के बच्चों को गुमराह किया जा रहा है, कल आपके बच्चे भी शिकार होंगे.

kangana Ranaut Lucknow Police Gutter Generation

Recent News