नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 31 साल पुराने अपहरण-हत्या मामले में चर्चित 'एक्स-मुस्लिम' और यूट्यूबर सलीम वास्तिक को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर नाजिया इलाही खान की भी जांच की मांग जोर पकड़ रही है. कई यूजर्स ने सवाल उठाया है कि क्या नाजिया इलाही पर भी कोई छिपा हुआ अतीत या फ्रॉड का मामला हो सकता है. हालांकि इनके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं.
बता दें कि सलीम वास्तिक पर 1995 में दिल्ली के एक व्यापारी के 13 वर्षीय बेटे संदीप बंसल के अपहरण और हत्या का आरोप है. इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन 2000 के आसपास जेल से बेल पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था. पुलिस ने बताया कि वह पहचान छिपाकर गाजियाबाद में कपड़ों का कारोबार कर रहा था और खुद को 'एक्स-मुस्लिम' यूट्यूबर के रूप में पेश कर रहा था. पुराने रिकॉर्ड, फिंगरप्रिंट और फोटो से उसकी पहचान की पुष्टि हुई.
कुछ दिनों पहले सलीम पर जानलेवा हमला भी हुआ था, जिसके बाद वह चर्चा में आया था. सलीम वास्तिक हाल के महीनों में इस्लाम और मुस्लिम समुदाय पर विवादास्पद वीडियो बनाने के लिए चर्चित रहा है.
नाजिया इलाही खान पर उठ रहे सवाल
इधर सलीम वास्तिक की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने नाजिया इलाही खान की भी जांच की मांग की है. नाजिया इलाही खान खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और भाजपा से जुड़ी एक्टिविस्ट बताती हैं. वे इस्लाम और कुरान पर खुलकर बोलने वाली हैं और हाल ही में सलीम वास्तिक से मिलने गई थीं. कई पोस्ट्स में दावा किया गया है कि नाजिया इलाही खान पर कोलकाता के गिरिश पार्क थाने में 2020-21 में धोखाधड़ी (IPC 419, 420, 506 आदि) का केस दर्ज है.
आरोप है कि उन्होंने फर्जी वकील बनकर एक व्यक्ति से 6 लाख रुपए ठगे. 2021 में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया, बाद में बीमारी के आधार पर जमानत मिली. उनके पूर्व मंगेतर पुनीत वशिष्ठ का आरोप है कि नाजिया असल में वकील ही नहीं हैं और बार काउंसिल में उनका रजिस्ट्रेशन नहीं है. इसके अलावा हेट स्पीच, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसे मामले भी दर्ज हैं.
यूजर्स का कहना है कि सलीम वास्तिक 31 साल तक फरार रहकर यूट्यूब पर सक्रिय था, तो नाजिया इलाही पर भी पूरी जांच होनी चाहिए. एक पोस्ट में लिखा गया कि सलीम की तरह नाजिया का भी कच्चा चिट्ठा खुल सकता है. हालांकि अभी तक नाजिया इलाही खान की तरफ से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
वे पहले भी पाकिस्तान से धमकियां मिलने की शिकायत कर चुकी हैं और सलीम वास्तिक पर हुए हमले की निंदा की थी. उधर दिल्ली पुलिस ने सलीम वास्तिक को तिहाड़ जेल भेज दिया है. नाजिया इलाही खान से जुड़े पुराने मामलों की जांच की मांग अब सोशल मीडिया पर तेज हो गई है.