3 में से 2 ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, घर पर ही थे एल्विश के पिता, उन्होंने क्या बताया...

Amanat Ansari 17 Aug 2025 11:27: AM 1 Mins
3 में से 2 ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, घर पर ही थे एल्विश के पिता, उन्होंने क्या बताया...

नई दिल्ली: यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव के घर पर फायरिंग के बाद, उनके पिता का बयान आया है. पिता ने बताया कि जिस समय फायरिंग हुई वह घर पर अकेले थे और सो रहे थे. तेज आवाज आने पर उठकर देखा तो बदमाश भाग रहे थे. उन्होंने तुरंत पुलिस और एल्विश यादव को घटना की सूचना दी. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.

पिता ने बताया कि बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए थे, लेकिन दो ने ही फायरिंग की. उन्होंने दीवारों, दरवाजों खिड़कियों को निशाना बनाया और बाइक सवार होकर भाग गए. पिता ने कहा कि एल्विश किसी काम से बाहर गया हुआ है. पुलिस के अनुसार, सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच तीन मास्क पहने लोग मोटरसाइकिल पर आए और एल्विश के सेक्टर 57 स्थित घर पर 24 से ज्यादा गोलियां चलाईं, फिर भाग गए. गोलियां घर के निचले और पहले माले पर लगीं. एल्विश, जो दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहते हैं, उस समय घर पर नहीं थे. घर में उनका केयरटेकर और कुछ परिवारवाले थे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ.

गुरुग्राम पुलिस (Gurgaon Police) के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि तीन मास्कधारी बदमाशों ने गोलीबारी की और एल्विश उस समय घर पर नहीं थे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की. परिवार की शिकायत दर्ज होने के बाद कानूनी कार्रवाई होगी. एल्विश के पिता ने बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल पर आए, दो लोग उतरे और 25-30 गोलियां चलाकर भाग गए. उन्हें पहले कोई धमकी नहीं मिली थी. एल्विश अभी हरियाणा से बाहर काम के सिलसिले में हैं.

27 साल के एल्विश यादव यूट्यूबर के रूप में मशहूर हुए और 2023 में बिग बॉस OTT 2 जीता. उनके लाखों फैन हैं, और वे म्यूजिक वीडियो व फिल्मों में भी नजर आए हैं. हालांकि, वे विवादों में भी रहे हैं. पिछले साल नोएडा पुलिस ने उन्हें सांप के जहर को रेव पार्टियों में इस्तेमाल करने के मामले में गिरफ्तार किया था. उन पर जहर को नशे के लिए सप्लाई करने का आरोप था. बाद में उन्हें जमानत मिली, लेकिन मामला अभी चल रहा है.

Elvish Yadav Elvish Yadav firing Elvish Yadav news Elvish Yadav Gurugram Elvish Yadav father

Recent News