रुद्रपुर: उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है. गदरपुर के मझराशीला निवासी मोहम्मद सलाउद्दीन को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और फिदायीन (मानव बम) हमले की तैयारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी युवाओं को सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, सिग्नल) के जरिए कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा से जोड़कर ब्रेनवॉश कर रहा था.
छापेमारी में एक विदेशी पिस्तौल, 5 कारतूस, 4 डेटोनेटर और 2 AK-47 कारतूस बरामद किए गए. सलाउद्दीन मलेशिया में रहने वाले एक हैंडलर (अर्शलीन) के संपर्क में था, जिसके पाकिस्तान कनेक्शन पाए गए हैं. आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह खुद मानव बम बनने को तैयार था.
आरोपी का बैकग्राउंड
सलाउद्दीन एक संपन्न परिवार से ताल्लुक रखता है. उसके पिता वन निगम के लाइसेंस के जरिए लकड़ी का कारोबार करते हैं. वह रोज सुबह दौड़ लगाकर खुद को फिट रखता था, जो फिदायीन हमले की तैयारी का संकेत माना जा रहा है. एसटीएफ ने आरोपी के संपर्क में आए रामपुर (उत्तर प्रदेश) के एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है. दोनों से गहन पूछताछ जारी है.
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय और ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से जुड़ा हुआ था. जांच में और बड़े खुलासे होने की संभावना है. यह गिरफ्तारी उत्तराखंड में युवाओं के कट्टरपंथीकरण और पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिशों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता को दर्शाती है.