Bihar Crime News: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा पटना, क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रधान पति पर बरसाईं गोलियां, 3 लोग बने हमलावरों का निशाना

Rahul Jadaun 23 May 2025 08:54: PM 1 Mins
Bihar Crime News: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा पटना, क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रधान पति पर बरसाईं गोलियां, 3 लोग बने हमलावरों का निशाना

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना में उस समय हड़कंप मच गया जब रानीतालाब थाना क्षेत्र के गांव कनपा में डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह के दौरान चार हथियारबंद बदमाशों ने सैकड़ों दर्शकों की मौजूदगी में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में सैदाबाद पंचायत की मुखिया ममता देवी के पति अंजनी सिंह सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जैसे ही टूर्नामेंट में गोलीबारी की खबर लोगों को पता चली तो पूरे इलाके में खौफ का माहौल बन गया.

टूर्नामेंट में हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, यह नाइट टूर्नामेंट कनपा गांव के खेल मैदान में आयोजित किया गया था। समापन समारोह के दौरान जब पुरस्कार वितरण चल रहा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने मंच के पास आकर अचानक गोलियों की बौछार शुरू कर दी। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल अंजनी सिंह को चार गोलियां लगीं, जबकि धर्मेंद्र कुमार और राजा नामक दो दर्शकों को भी गोली लगी।

खुलेआम गुंडागर्दी और दहशत

इस हमले को बदमाशों ने इस कदर बेखौफ होकर अंजाम दिया कि लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मैदान चीख-पुकार और भगदड़ से गूंज उठा। हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। यह घटना रानीतालाब थाना से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की तत्परता पर सवाल उठते हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फिर घायलों से पूछताछ के लिए अस्पताल भी पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

पहले से मिल रही थीं धमकियां

घायल अंजनी सिंह के भाई पवन कुमार ने खुलासा किया कि उनके भाई को पिछले डेढ़ साल से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। पवन ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया।

तनाव और गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। मुखिया समर्थकों ने प्रदर्शन की चेतावनी दी है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की भी अपील की है।

 

Bihar Crime News Bihar firing news Patna cricket tournament firing Ranitallab firing case

Recent News