बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो घुसपैठियों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है. पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, विक्रमजीत सिंह और मनवीर सिंह नाम के दो व्यक्ति बिना किसी वैध दस्तावेज या वीजा के चोर रास्ते से भारत में प्रवेश कर रहे थे.
मनवीर सिंह अमेरिका का नागरिक है, जबकि विक्रमजीत सिंह पंजाब के एक संगठन का सदस्य है. उसके खिलाफ 2023 में पंजाब के अजनाला में हुई घटना का वारंट जारी है. गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में जोधा सिंह भी शामिल है, जो पंजाब के उसी संगठन का सदस्य है. जोधा सिंह ने ही घुसपैठ का पूरा नेटवर्क बनाया था.
इनके पास से नकली आधार कार्ड भी बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, विक्रमजीत सिंह पुराने मामले में समझौता करने के इरादे से भारत आ रहा था. इसके लिए उसने फर्जी आधार कार्ड बनवाया था. पिछले दो साल से वह मुंबई, दिल्ली और राजस्थान में छिपा हुआ था, जबकि पिछले एक साल से नेपाल के काठमांडू में रह रहा था.
सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पंजाब पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है. यह गिरफ्तारी सीमा सुरक्षा और फरार अपराधियों पर नकेल कसने में पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है.