बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा जो उत्तर प्रदेश के पहले योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं, उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय रखी. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ अपने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि, अटल जी की यादें उनके लिए अनमोल हैं. शर्मा ने बताया कि अटल जी ने कहा था कि "अटल होने में सरलता है, लेकिन अटलवंशी होना कठिन है." यह उनकी व्यक्तित्व की महानता को दर्शाता है.
जब उनसे योगी आदित्यनाथ के काम करने के तरीके के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि, योगी जी की मेहनत की तुलना किसी और से नहीं की जा सकती. दिनेश शर्मा ने अपने इस इंटरव्यू के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को दिव्य गुणों वाला नेता बताया साथ ही योगी को लेकर कहा कि, उत्तर प्रदेश के लिए योगी जी सबसे उपयुक्त हैं.
शिक्षा मंत्रालय में पांच साल काम करते हुए, शर्मा ने बताया कि उनकी प्राथमिकता परीक्षा में नकल रोकने की थी. उन्होंने तकनीक का इस्तेमाल करके परीक्षा प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया. उनका लक्ष्य था कि 1947 से चले आ रहे पुराने पाठ्यक्रम में सुधार किया जाए, जिसे उन्होंने पूरा किया.
दिनेश शर्मा के मुताबिक पेपर लीक की घटनाएं अभी भी चिंता का विषय हैं. शर्मा ने बताया कि 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश में एक भी परीक्षा का पेपर नहीं लीक हुआ. उन्होंने कहा कि योगी जी की सख्ती के कारण ये मामले सामने आ रहे हैं, जबकि पहले यह सब छिपा रहता था.
इस इंटरव्यू के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कांग्रेस के नेताओं के बयान पर भी टिप्पणी की. कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अभी हाल ही में अपने अमेरिकी दौरे के दौरान कई बयान दिए थे. दिनेश शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी का बयान गलत था. उनका कहना है कि, कांग्रेस अपने खोते प्रभाव को देखकर घबरा गई है.