गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के थाना साहिबाबाद क्षेत्र में पुलिस विभाग की साख को धब्बा पहुंचाने वाला मामला सामने आया है. हिस्ट्रीशीटर के साथ पार्टी करने पर सीमापुरी चौकी प्रभारी आशीष कुमार जादौन और तीन सिपाहियों को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया. आरोप है कि वे इलाके के हिस्ट्रीशीटर इरशाद मलिक की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए और वहां पर डांस के साथ मौज-मस्ती भी की.
पूरा मामला तब सामने आया जब इस पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वाइरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ‘रोज बार’ नामक स्थान पर देर रात चल रही पार्टी में हिस्ट्रीशीटर इरशाद मलिक युवाओं व पुलिसकर्मियों के साथ डांस करता नजर आ रहा है. खास बात यह है कि पुलिसकर्मी वर्दी में नहीं, बल्कि सादी पोशाक में इस पार्टी का हिस्सा बने थे.
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया। एसीपी स्तर से जांच कराई गई और पुष्टि होने पर डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी आशीष जादौन, हेड कॉन्स्टेबल योगेश कुमार और सिपाही ज्ञानेंद्र व अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों का अपराधियों के साथ मेलजोल विभाग की छवि को धूमिल करता है. वहीं, कानून व्यवस्था पर सवाल भी खड़े करता है. इसलिए ऐसी लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सूत्रों के अनुसार यह पार्टी देर रात 12 बजे से लेकर सुबह करीब ढाई बजे तक चली थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों के रवैये पर नाराजगी जताई है. फिलहाल निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है.