यूपी में रक्षाबंधन पर महिलाओं को बसों में फ्री यात्रा, 27 की सुबह से मिलेगी सुविधा

Amanat Ansari 24 Aug 2026 06:42 PM 1 Mins
यूपी में रक्षाबंधन पर महिलाओं को बसों में फ्री यात्रा, 27 की सुबह से मिलेगी सुविधा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के सफर को आसान बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ी राहत दी है. महिलाओं को रोडवेज बसों और सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी. रक्षाबंधन 28 अगस्त को है, इसलिए यह सुविधा एक दिन पहले से एक दिन बाद तक उपलब्ध रहेगी.

महिलाएं 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक बसों में फ्री सफर कर सकेंगी. खास बात यह है कि महिला के साथ एक सहवर्ती यात्री (कोई भी एक व्यक्ति) भी नि:शुल्क यात्रा का लाभ उठा सकेगा. महिलाओं को जीरो मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा.

लखनऊ में सिटी ट्रांसपोर्ट की ओर से रक्षाबंधन के दौरान सात मार्गों पर 115 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराया जाएगा. ये बसें दुबग्गा डिपो से शहर के विभिन्न मार्गों पर चलाई जाएंगी. सिटी बसों में यह सुविधा 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी, जबकि रोडवेज बसों में पूरे 66 घंटे तक मिलेगी.

इसके अलावा, पांच नई एसी बसें भी शुरू की जाएंगी. इनमें दो बसें आलमबाग से प्रयागराज, दो आलमबाग से बनारस और एक कैसरबाग से बहराइच के बीच चलाई जाएंगी. इनका संचालन 27 अगस्त से शुरू होगा.

यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए 26 अगस्त से 31 अगस्त तक अतिरिक्त रोडवेज बसें भी चलाई जाएंगी. लखनऊ से देहरादून, दिल्ली, बनारस, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़, बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, अयोध्या, रायबरेली और कानपुर जैसे शहरों के लिए अतिरिक्त बसें उपलब्ध रहेंगी. आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से ये सुविधाएं हर समय मिलेंगी.

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि बसों को ऑन रोड कराने के लिए पहले से मरम्मत के निर्देश दिए जा चुके हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.

UP Raksha Bandhan Free bus travel UP Roadways City bus

Recent News