मुंबई में फ्रेंच दूतावास की कर्मचारी से रात में गंधी हरकत, धारावी में हुआ भारी बवाल

Amanat Ansari 17 Nov 2025 04:12: PM 1 Mins
मुंबई में फ्रेंच दूतावास की कर्मचारी से रात में गंधी हरकत, धारावी में हुआ भारी बवाल

नई दिल्ली: मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा के पाली हिल में 8 नवंबर की रात एक बेहद शर्मनाक वारदात हुई. फ्रेंच दूतावास में कार्यरत 27 साल की एक विदेशी महिला अपने दोस्त से मिलने के बाद पैदल घर लौट रही थीं. रात करीब सवा बारह बजे एक स्कूटी सवार युवक ने उनका पीछा किया, अचानक पास आकर अभद्र हरकत की और फरार हो गया.

महिला ने यह बात अपने दूतावास को बताई. दूतावास ने छह दिन बाद 14 नवंबर को खार पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई. मामला संवेदनशील होने के कारण मुंबई पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. जोन-9 के डीसीपी दीक्षित गेडाम के निर्देश पर एसीपी अदिकराव पोल के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित की गई. टीम ने इलाके के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले.

स्कूटी का नंबर ट्रेस करते हुए आरोपी की पहचान धारावी निवासी 25 वर्षीय सुनील वाघेला के रूप में हुई, जो कबाड़ का काम करता है. शनिवार देर रात पुलिस की टीम उसे गिरफ्तार करने धारावी पहुंची तो स्थानीय लोगों ने भारी हंगामा शुरू कर दिया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस आरोपी को लेकर थाने लौटी. पुलिस को मिले एक सीसीटीवी वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी स्कूटी से महिला का काफी देर तक पीछा करता है, मौका पाकर पास आता है, छेड़खानी करता है और तेजी से भाग निकलता है.

पुलिस को शक है कि वह पिछले कुछ दिनों से महिला की रेकी कर रहा था और देर रात बांद्रा इलाके में इसी मकसद से घूम रहा था. आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पूछताछ जारी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या उसने पहले भी ऐसी हरकतें की हैं.

Mumbai molestation French woman crime

Recent News