गर्लफ्रेंड ने UK में दूसरे से कर ली शादी, गुस्साए आशिक ने ससुराल भेज दिया पुराना अश्लील वीडियो

Amanat Ansari 28 Nov 2025 08:39: PM 1 Mins
गर्लफ्रेंड ने UK में दूसरे से कर ली शादी, गुस्साए आशिक ने ससुराल भेज दिया पुराना अश्लील वीडियो

नई दिल्ली: पंजाब के मोगा में तैनात भारतीय सेना का जवान गुरविंदर सिंह इन दिनों पुलिस की गिरफ्त में है. वजह बेहद शर्मनाक है. उसकी एक्स गर्लफ्रेंड ने जैसे ही इंग्लैंड में किसी और से शादी की, वो आग-बबूला हो गया और बदला लेने पर उतर आया. लड़की साल 2024 तक गुरविंदर के साथ रिलेशनशिप में थी. दोनों परिवारों ने शादी की बात भी चलाई, लेकिन बात नहीं बनी.

2025 में लड़की स्टूडेंट वीजा पर UK चली गई और 5 अक्टूबर को वहां अपनी पसंद के लड़के से शादी कर ली. बस यही बात गुरविंदर को नागवार गुजरी. उसने पहले तो फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट (यूजरनेम में सिर्फ नंबर 85285-33846) बनाया और लड़की को धमकियां भेजनी शुरू कीं. जब बात नहीं बनी तो उसने पुराने प्राइवेट अश्लील फोटो-वीडियो निकाले और सीधे लड़की के पति और ससुर को भेज दिए. साथ में मैसेज, ''15 लाख रुपए दो, वरना ये सब वायरल कर दूंगा.''

लड़की के पिता ने जब यह सब देखा तो उनका परिवार हिल गया. उन्होंने 19 अगस्त को SSP मोगा को ई-मेल से शिकायत की. साइबर क्राइम टीम ने तीन महीने से ज्यादा छानबीन की. फर्जी ID ट्रेस की, IP चेक किया, नंबर वेरीफाई किया. आखिरकार सारा कनेक्शन गुरविंदर सिंह तक पहुंचा. पुलिस ने उसके खिलाफ IT एक्ट की धारा 66C (पासवर्ड चोरी), 67A (अश्लील कंटेंट भेजना) और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.

अभी पूछताछ में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं उसका कोई साथी तो इसमें शामिल नहीं था. लड़की का परिवार अभी तक सदमे में है. पिता ने पुलिस को बताया, “हमने तो उसे अपना दामाद समझा था, लेकिन उसने हमारी बेटी और पूरे परिवार की इज्जत को नीलाम करने की कोशिश की.”

फौज की वर्दी में देश की सेवा करने वाला जवान ने साबित कर दिया कि प्यार में ठुकराए जाने का गुस्सा कितना खतरनाक हो सकता है. अब वो खुद जेल की हवा खा रहा है और उसकी नौकरी भी खतरे में पड़ गई है. एक बार फिर सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल बता गया कि पुराने रिश्ते का कचरा कभी डिलीट नहीं होता, और बदला लेने की आग पूरी जिंदगियाँ जला सकती है.

England ex-boyfriend Gurvinder Singh Indian Army soldier

Recent News