इस्लामाबाद: पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की हत्या कर दी गई है. अज्ञात हमलावरों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में उन पर गोलियों की बौछार कर दी. हमलावरों ने उन्हें बचने का कोई मौका नहीं दिया और घटनास्थल से फरार हो गए. सूत्रों के अनुसार, शेख यूसुफ अफरीदी लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय थे और लश्कर-ए-तैयबा में उनकी अहम भूमिका थी. वे हाफिज सईद के बेहद करीबी लोगों में शामिल माने जाते थे.
घटना के बाद स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी भी नहीं ली है. सुरक्षा एजेंसियां इसे टारगेट किलिंग के रूप में देख रही हैं. ये सभी हत्याएं अज्ञात हमलावरों द्वारा की गईं और ज्यादातर मामलों में अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है.
हाल के वर्षों में पाकिस्तान में मारे गए आतंकी
- शाहिद लतीफ (जैश-ए-मोहम्मद): पठानकोट हमले के मास्टरमाइंड, अक्टूबर 2023 में सियालकोट की एक मस्जिद में गोली मारकर मारा गया.
- परमजीत सिंह पंजवाड़: खालिस्तान कमांडो फोर्स का प्रमुख, मई 2023 में लाहौर में सुबह की सैर के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी.
- अबू कासिम कश्मीरी (लश्कर-ए-तैयबा): सितंबर 2023 में रावलकोट की मस्जिद में अंदर गोली मारकर मारा गया.
- हंजला अदनान (लश्कर-ए-तैयबा): मुंबई हमलों से जुड़े हाफिज सईद के करीबी, दिसंबर 2023 में कराची में घर के बाहर मारा गया.
- बशीर अहमद पीर (हिजबुल मुजाहिदीन): फरवरी 2023 में रावलपिंडी में दुकान के बाहर गोली मार दी गई.
- अकरम गाजी (लश्कर-ए-तैयबा): नवंबर 2023 में बाजौर में बाइक सवार हमलावरों ने मार गिराया.
- दाऊद मलिक (जैश-ए-मोहम्मद): अक्टूबर 2023 में उत्तरी वजीरिस्तान में दिनदहाड़े गोली मारकर मारा गया.
- ख्वाजा शाहिद (लश्कर-ए-तैयबा): सुंजवान हमले का मास्टरमाइंड, नवंबर 2023 में PoK में सिर कटा शव मिला.
- सैयद खालिद रजा (अल-बद्र मुजाहिदीन): फरवरी 2023 में कराची में घर के बाहर सिर में गोली मार दी गई.
- कैसर फारूक (लश्कर-ए-तैयबा): हाफिज सईद के करीबी, सितंबर 2023 में कराची में व्यस्त इलाके में गोली मारकर मारा गया.
Lashkar-e-Taiba commander killed
Lashkar-e-Taiba
Hafiz Saeed aide
Sheikh Yusuf Afridi