Harbhajan Singh Security: हरभजन सिंह की सुरक्षा अब CRPF कमांडो संभालेंगे. पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा हटा ली, जिसके बाद केंद्र सरकार ने तुरंत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को उनके घर पर तैनात कर दिया है. यह फैसला जालंधर में पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के घर के बाहर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद लिया गया.
हाल ही में हरभजन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) जॉइन कर ली है, जिसके बाद राजनीतिक तनाव बढ़ गया है. पंजाब पुलिस ने शनिवार को हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस ले ली थी. उस समय उनके घर पर 9-10 पुलिसकर्मी तैनात थे. रविवार को उनके जालंधर के छोटी बारादरी इलाके वाले आवास के बाहर CRPF के जवान दिखाई दिए.
सूत्रों के मुताबिक, अब CRPF हरभजन सिंह को दिल्ली और पंजाब दोनों जगहों पर सुरक्षा मुहैया कराएगी. AAP कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता के घरों के बाहर प्रदर्शन किया. तीनों नेता हाल ही में BJP में शामिल हुए हैं. प्रदर्शनकारियों ने लुधियाना और जालंधर में उनके घरों की दीवारों पर स्प्रे पेंट से ‘गद्दार’ लिख दिया.
यह विरोध प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ जब राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत सात AAP के राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर BJP का साथ दिया. इनमें हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी भी शामिल हैं.
राघव चड्ढा ने AAP पर आरोप लगाया कि पार्टी अब अपने मूल सिद्धांतों, मूल्यों और नैतिकता से भटक चुकी है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन सातों नेताओं को ‘गद्दार’ कहा और आरोप लगाया कि BJP AAP को तोड़ने की साजिश कर रही है.
इस घटनाक्रम से पंजाब में राजनीतिक गर्माहट और बढ़ गई है.