नई दिल्ली: यूपी विधानसभा और पंचायत चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. सुभासपा अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की.
दोनों नेताओं के बीच करीब 45 मिनट तक चली इस बैठक में यूपी में आगामी चुनावों, सीट शेयरिंग और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. सूत्रों के अनुसार राजभर ने भाजपा से ज्यादा सीटें देने की मांग रखी है.
बैठक का मकसद
ओमप्रकाश राजभर लंबे समय से भाजपा गठबंधन में अपनी ताकत बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने सपा पर तीखे हमले भी किए थे. भाजपा की ओर से इस बैठक को "सामान्य चर्चा" बताया जा रहा है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे 2027 के UP चुनाव के लिए गठबंधन की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है. राजभर की इस दिल्ली यात्रा से यूपी की सियासत में नई हलचल शुरू हो गई है. अब देखना होगा कि भाजपा-राजभर गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर क्या फैसला होता है.