DUSU नतीजों पर NSUI-कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल, विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस का एक्शन

Amanat Ansari 19 Sep 2026 09:14 PM 1 Mins
DUSU नतीजों पर NSUI-कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल, विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस का एक्शन

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने केंद्रीय पैनल के चार पदों में से तीन पर जीत दर्ज की. उपाध्यक्ष पद पर NSUI का टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय के रूप में उतरी दीपांशु शौकीन विजयी रहीं. कांग्रेस से जुड़े NSUI का खाता नहीं खुल सका. नतीजों के बाद दिल्ली कांग्रेस और NSUI ने चुनाव प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. उधर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है, जिसके बाद कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया.

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि NSUI उम्मीदवारों को कुछ कॉलेज परिसरों में प्रचार की अनुमति नहीं दी गई, जबकि ABVP उम्मीदवारों को कथित तौर पर प्रचार के लिए जगह उपलब्ध कराई गई. उन्होंने कहा कि ये घटनाएं समान अवसर और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के सिद्धांत पर गंभीर सवाल खड़ा करती हैं.

देवेन्द्र यादव ने लिंगदोह कमेटी के दिशा-निर्देशों के कथित उल्लंघन और विश्वविद्यालय के मानदंड पूरे न करने वाले कुछ उम्मीदवारों को प्रचार की अनुमति मिलने की शिकायतें भी उठाईं. उन्होंने सवाल किया कि कॉलेज परिसरों में ABVP की बैठकों के लिए विश्वविद्यालय और कॉलेज के बुनियादी ढांचे का कथित इस्तेमाल कैसे किया गया, जबकि ऐसी गतिविधियां चुनाव आचार संहिता के तहत प्रतिबंधित हैं.

उन्होंने ईवीएम के इस्तेमाल और वोटों की गिनती की पारदर्शिता पर भी जवाब मांगा. यादव ने मांग की कि डूसू चुनाव से जुड़ी सभी शिकायतों की निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कराई जाए. सभी उम्मीदवारों और छात्र संगठनों के लिए एक समान नियम लागू होने चाहिए.

इस बीच UP NSUI के उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने दावा किया कि शाम 4 बजे तक NSUI के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजय मीणा चुनाव में आगे चल रहे थे. वाइस-चांसलर काउंटिंग स्थल पर पहुंचे और गिनती आधे घंटे तक रुकवा दी. इसके बाद ABVP के उम्मीदवार जीत गए. उन्होंने कथित सत्ता के दुरुपयोग और BJP-RSS के हस्तक्षेप का आरोप लगाया.

NSUI Congress DUSU results DUSU Protest

Recent News