नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के तहत आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत उनके पूरे परिवार को नोटिस जारी किए हैं. नई दिल्ली-40 विधानसभा क्षेत्र के वोटर अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता, बेटा पुलकित और माता-पिता के नाम उन 110 वोटरों की सूची में शामिल हैं जिन्हें नोटिस भेजा गया है.
ये नोटिस ‘अनमैप्ड कैटेगरी’ के तहत जारी किए गए हैं. इसका मतलब है कि इन मतदाताओं के नाम पिछले एसआईआर के रिकॉर्ड से मैप नहीं हो पाए. जिन वोटरों की जानकारी पुराने रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती, उन्हें ऐसे नोटिस जारी किए जाते हैं और उन्हें वेरिफिकेशन से गुजरना होता है. नोटिस पाने वालों में अरविंद केजरीवाल, सुनीता केजरीवाल, उनके पिता गोबिंद राम केजरीवाल, मां गीता देवी और 25 वर्षीय बेटा पुलकित केजरीवाल शामिल हैं.
आम आदमी पार्टी का हमला
AAP ने इस घटनाक्रम पर निशाना साधते हुए मुख्य निर्वाचन आयोग को टैग कर सवाल किया है— “क्या इस देश में सब कुछ केवल सुप्रीम लॉर्ड को खुश करने के लिए हो रहा है? यह कैसे हो सकता है कि दिल्ली के तीन बार मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल जी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम दिल्ली की वोट लिस्ट से गायब हैं?”
गौरतलब है कि आयोग ने 31 अगस्त को दिल्ली की मसौदा वोटर लिस्ट प्रकाशित की थी. इसमें कुल 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47 लाख के नाम सूची से हटा दिए गए थे. आयोग के अनुसार, 43.32 लाख से अधिक मतदाता दूसरे स्थान पर चले गए या अनुपस्थित मिले, 2.82 लाख से अधिक की मृत्यु हो चुकी थी और 1.41 लाख से अधिक के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज थे.