नई दिल्ली: दिल्ली में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत चुनाव आयोग ने कई बड़े नामों को नोटिस जारी किए हैं. विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनकी पत्नी को भी यह नोटिस मिला है. इसके अलावा सीबीआई डायरेक्टर प्रवीण सूद और उनके परिवार के सदस्य, पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और उनकी पत्नी सुनीता द्विवेदी, तथा सीपीएम सांसद जॉन ब्रिटास की पत्नी शीबा और बेटे आनंद ब्रिटास को भी नोटिस भेजे गए हैं.
जारी हुए नोटिस?
ये सभी नोटिस नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) के तहत जारी किए गए हैं. जयशंकर दंपति, प्रवीण सूद परिवार और द्विवेदी दंपति को अनमैप्ड विद लास्ट SIR श्रेणी में रखा गया है. इसका मतलब है कि उनके वर्तमान मतदाता रिकॉर्ड को 2002 के पिछले रिवीजन की सूची से नहीं जोड़ा जा सका. ये सभी सुंदर बाग इलेक्टोरल पार्ट में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं.
जॉन ब्रिटास की पत्नी शीबा को सेल्फ-नेम मिसमैच और बेटे आनंद को पैरेंट-नेम मिसमैच का नोटिस मिला है. आनंद का नोटिस मां के रिकॉर्ड में आई विसंगति से जुड़ा हो सकता है. चुनाव आयोग मतदाता सूची को साफ-सुथरा और अपडेट रखने के लिए यह प्रक्रिया चला रहा है. वीवीआईपी को भी नोटिस मिलने से प्रक्रिया की निष्पक्षता पर चर्चा छिड़ गई है.