कोलकाता: नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को बड़ा झटका लगा है. शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए मिलन प्रधान को अदालत ने 3 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. 4 अक्टूबर चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है, इसलिए वे प्रचार नहीं कर पाएंगे.
पुलिस ने बताया कि मिलन प्रधान को पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया है. उनके खिलाफ चार गिरफ्तारी वारंट जारी थे, जिनमें तीन हत्या के मामले और एक आर्म्स एक्ट का मामला शामिल है. गौरतलब है कि ममता बनर्जी खेमे की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अपना नामांकन वापस ले लिया था. इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने का ऐलान किया था.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध है. उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया और कहा कि बीजेपी निष्पक्ष चुनाव में विश्वास नहीं रखती.
राहुल ने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव लड़ने के बजाय चुनावी मुकाबला खत्म करना चाहती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस न डरेगी और न झुकेगी, बल्कि चुनाव लड़ेगी और जीतेगी. नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर उपचुनाव 6 अक्टूबर को होने हैं. नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.