निवेश सिर्फ विज्ञापनों में, नौकरियां सिर्फ न्यूज में! अखिलेश यादव का सरकार पर जोरदार हमला!

Amanat Ansari 19 Sep 2026 05:45 PM 2 Mins
निवेश सिर्फ विज्ञापनों में, नौकरियां सिर्फ न्यूज में! अखिलेश यादव का सरकार पर जोरदार हमला!

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर रोजगार, निवेश, बिजली और कानून-व्यवस्था समेत कई मोर्चों पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निवेश और उद्योगों का दावा सिर्फ विज्ञापनों में कर रही है, जबकि युवाओं को असली नौकरियां नहीं मिल रही हैं.

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “निवेश और उद्योग सिर्फ विज्ञापनों में दिख रहे हैं, नौकरियां न्यूज में दिखाई जा रही हैं. अगर विज्ञापनों में बताई गई नौकरियों को जोड़ दिया जाए तो प्रदेश में कोई बेरोजगार ही नहीं बचेगा.” उन्होंने आलू खरीद का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया कि आलू की कितनी पैदावार हुई, बजट में कितना प्रावधान किया गया और किसानों से कितनी खरीद हुई. उन्होंने कहा, “अगर किसान को एक पैसा भी मिला हो तो बता दिया जाए.”

बिजली के मुद्दे पर अखिलेश ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में एक भी नई पावर यूनिट नहीं लगाई गई. उन्होंने कहा, “अब दीयों का कंपटीशन चल रहा है कि कौन ज्यादा दीये जलाएगा.” छात्रसंघ चुनावों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में छात्रसंघ चुनाव हो सकते हैं तो उत्तर प्रदेश में भी होने चाहिए.

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बने वीडियो देखने वालों को भी जेल भेज सकती है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और सपा सांसद पप्पू निषाद को परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि हजारों करोड़ रुपये खर्च कर लोगों की छवि खराब करने और निगेटिव कंटेंट तैयार करने का काम किया जा रहा है. पीडीए से जुड़े लोगों को भी परेशान किया जा रहा है.

रायबरेली और सीतापुर की घटनाओं को लेकर उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया. रायबरेली में छात्र सभा के कार्यक्रम को भाजपा समर्थित लोगों द्वारा रोके जाने और लखीमपुर में सड़क निर्माण को लेकर वीडियो वायरल करने वाले ग्रामीणों पर कथित अत्याचार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की कमेटी वहां भेजी गई है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बांदा से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके मयंक दीक्षित, श्रावस्ती से भाजपा छोड़कर आए नंद किशोर गिरी और उत्तर प्रदेश चेयरमैन संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. अखिलेश ने एसआईआर में किसी तरह की गड़बड़ी न होने देने की बात कही और कहा कि चुनाव से पहले चुनाव आयोग दोबारा समीक्षा करेगा, जिस पर पार्टी नजर रखेगी.

Akhilesh Yadav Uttar Pradesh UP News UP investment UP Politcs

Recent News