इंदौर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने छात्रों के साथ संवाद करते हुए कहा कि छात्रों के बिना देश मजबूत नहीं हो सकता. राहुल ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ''स्टूडेंट्स को भविष्य नहीं दिख रहा.'' राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम नहीं, छात्र देश का भविष्य हैं. सवाल पूछना छात्रों का स्वभाव है.
छात्रों को रोजगार मिलना चाहिए और हर गरीब को शिक्षा का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्र इस समय खुश नहीं बल्कि दबाव में हैं. शिक्षा पर सबका हक है. दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (डूसू) चुनाव में कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआई को करारी शिकस्त मिली है. चारों पदों पर एनएसयूआई की हार हुई है. इसी हार के बाद राहुल इस कार्यक्रम में पहुंचे. भाजपा भी डूसू परिणामों को लेकर कांग्रेस पर चुटकी ले रही है.
कार्यक्रम में राहुल ने आगे कहा, ''सिस्टम ने हर संस्था पर कब्जा कर रखा है. सिस्टम ने भारत की हर संस्था पर एक-न-एक आदमी बिठाया हुआ है. जैसे गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह को क्रिकेट की संस्था पर बिठाया हुआ है. ये सिस्टम ‘अंधभक्त’ चाहता है और अंधभक्तों को तैयार करता है. अंधभक्त कहता है कि हिंदुस्तान को आजादी नहीं मिली.'' राहुल गांधी के इन बयानों के साथ कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद रहा.