नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट के बाद अब त्योहारी और शादी के सीजन से फिर तेजी की उम्मीद जताई जा रही है. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सितंबर के अंत तक 10 ग्राम सोना 1.6 लाख रुपए और साल 2026 के अंत तक 1.8 लाख रुपए तक पहुंच सकता है. चांदी के भाव 3 लाख रुपए प्रति किलो तक जाने का अनुमान है.
पिछले कुछ दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली. लगातार बढ़त के बाद मुनाफावसूली और ग्लोबल बाजार के बदले माहौल का असर पड़ा. एमसीएक्स आंकड़ों के मुताबिक, हाल की सात कारोबारी दिनों में सोना करीब 4 प्रतिशत और चांदी लगभग 2 प्रतिशत नीचे आया. तीन महीने के हिसाब से सोने में करीब 3 प्रतिशत और चांदी में लगभग 8 प्रतिशत की कमजोरी रही.
एक्सपर्ट्स क्या कह रहे हैं?
केडिया एडवाइजरी के निदेशक अजय केडिया का मानना है कि हाल की गिरावट के बावजूद भारतीय बाजार में सोने की मांग मजबूत बनी हुई है. भारत में सोना सिर्फ निवेश का जरिया नहीं, बल्कि त्योहारों और शादियों से भी इसकी खरीद सीधे जुड़ी है. इसी वजह से सितंबर के अंत तक 10 ग्राम सोना 1.6 लाख रुपए के आसपास पहुंच सकता है.
साल के अंत तक यह 1.8 लाख रुपए के लेवल को छू सकता है. चांदी के लिए भी 3 लाख रुपए प्रति किलो तक का अनुमान जताया गया है. पोपली ग्रुप के निदेशक राजीव पोपली के अनुसार, कीमतों में गिरावट आने पर ग्राहक इसे खरीदारी के मौके के तौर पर देख सकते हैं. त्योहारों के बाद आने वाली किसी भी बड़ी गिरावट पर बाजार में खरीदारी बढ़ सकती है.
किन बातों पर निर्भर है भविष्य?
ये अनुमान बाजार विशेषज्ञों के हैं. कीमतें इंटरनेशनल मार्केट, डॉलर की चाल, ब्याज दरों, जियो-पॉलिटिकल घटनाओं और घरेलू मांग जैसे कई फैक्टर्स पर निर्भर करती हैं. इसलिए मौजूदा गिरावट को देखकर भविष्य की कीमतों को लेकर कोई निश्चित दावा नहीं किया जा सकता.