नई दिल्ली: रक्षाबंधन और त्योहारी सीजन से पहले आम लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है. थोक बाजार में चीनी के दाम पिछले कुछ दिनों में करीब 15 प्रतिशत तक गिर गए हैं. सरकार के सख्त फैसलों का असर साफ दिखने लगा है. केंद्र सरकार ने 10 लाख टन चीनी को ड्यूटी-फ्री आयात की अनुमति दी थी और कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए सख्ती बढ़ाई थी.
इसके बाद महज तीन दिनों में थोक बाजार में चीनी का भाव 800 रुपये प्रति क्विंटल तक लुढ़क गया. इस समय थोक में चीनी लगभग 62 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है. उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में दाम अभी और 3 रुपये प्रति किलो तक कम हो सकते हैं.
खुदरा बाजार में अभी भी ऊंचे दाम
हालांकि थोक में राहत मिल गई है, लेकिन खुदरा बाजार में चीनी अभी भी 75 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास बिक रही है. दुकानदार पुराना महंगा स्टॉक खत्म होने के बाद ही सस्ते दाम का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाएंगे. उपभोक्ता मामलों के विभाग के अनुसार 24 अगस्त को चीनी का औसत रेट 63.05 रुपए प्रति किलो रहा. देश में फिलहाल 36 लाख टन चीनी का स्टॉक उपलब्ध है.
10 लाख टन आयातित चीनी आने से नए सीजन से पहले किसी भी कमी की आशंका नहीं है. इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (ISMA) का भी दावा है कि देश में चीनी की कोई किल्लत नहीं है. सरकार ने मिलों और व्यापारियों पर निगरानी भी बढ़ा दी है ताकि कीमतों में हेराफेरी न हो. त्योहारों से पहले चीनी सस्ती होने की उम्मीद बढ़ गई है. थोक बाजार में गिरावट जारी रही तो जल्द ही खुदरा कीमतों में भी राहत दिखेगी.