16 साल बाद भारत लौट रहे ललित मोदी! IPL-FEMA मामले में बड़ी राहत के बाद किया वापसी का ऐलान

Amanat Ansari 22 Jul 2026 10:11: PM 1 Mins
16 साल बाद भारत लौट रहे ललित मोदी! IPL-FEMA मामले में बड़ी राहत के बाद किया वापसी का ऐलान

नई दिल्ली: आईपीएल के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी 16 साल बाद भारत वापसी करने वाले हैं. 2010 में देश छोड़ने के बाद यह उनकी पहली यात्रा होगी. ललित मोदी ने हाल ही में 2009 आईपीएल साउथ अफ्रीका आयोजन से जुड़े FEMA मामले में अपीलेट ट्रिब्यूनल से मिली राहत के बाद यह ऐलान किया है.

ट्रिब्यूनल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के ज्यादातर आरोपों और जुर्माने को रद्द कर दिया. कोर्ट ने कहा कि मामले में ललित मोदी की जिम्मेदारी साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले. इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने कहा कि 16 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आखिरकार सच सामने आया है. उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा सिर्फ आईपीएल की भलाई के बारे में सोचा. अब वह अध्याय पीछे छूट गया है और मैं आगे बढ़ रहा हूं." 

ललित मोदी ने बताया कि वे इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत आ सकते हैं. अक्टूबर में उनकी बेटी को बेटा होने वाला है, जिसके बाद वे परिवार के साथ समय बिताने और दोस्तों से मिलने भारत आना चाहते हैं. ललित मोदी बीसीसीआई में विवादों के बाद 2013 में आजीवन प्रतिबंधित हो चुके हैं.

उनका नाम आईपीएल की शुरुआती सफलता के साथ-साथ कई विवादों, भ्रष्टाचार और हितों के टकराव के आरोपों से भी जुड़ा रहा. अब ट्रिब्यूनल के फैसले के बाद उनकी भारत वापसी से जुड़े पुराने मामलों पर एक बार फिर चर्चा तेज होने की उम्मीद है. ललित मोदी फिलहाल लंदन में रह रहे हैं और परिवार के बिजनेस में बेटे की मदद करने की भी योजना बना रहे हैं.

IPL founder Lalit Modi FEMA Enforcement Directorate ED

Recent News