लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का एक इंटरव्यू वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में उनसे सीधे सवाल किया गया कि आखिर वह कब तक डिप्टी सीएम रहेंगे और क्या कभी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा है. इस पर केशव मौर्य ने ऐसा जवाब दिया, जिसने यूपी की राजनीति में नई अटकलों को हवा दे दी.
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संभव है कि अगली बार लोग उन्हें मुख्यमंत्री के पद पर देखें. उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगली बार उन्हें किसी और भूमिका में भी देखा जा सकता है. मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला वह खुद नहीं करते, बल्कि पार्टी का नेतृत्व और विधायक दल तय करता है.
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनकी भी महत्वाकांक्षा है कि वह मुख्यमंत्री बनें। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल उनके चाहने से मुख्यमंत्री पद नहीं मिल सकता. पार्टी में अंतिम फैसला नेतृत्व और विधायक दल की प्रक्रिया के तहत होता है.
डिप्टी सीएम ने बताया कि चुनाव के बाद पार्टी का विधायक दल अपने नेता का चुनाव करता है. इसके लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक आते हैं, विधायकों से फीडबैक लिया जाता है और फिर मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाता है.
केशव मौर्य ने कहा कि फिलहाल पार्टी का सबसे बड़ा लक्ष्य यूपी में प्रचंड बहुमत हासिल करना है. उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी उसी तरह बड़े बहुमत के साथ सत्ता में लौटने के लक्ष्य पर काम कर रही है.
उनका यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब यूपी की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं. हालांकि, मौर्य ने अपने बयान में नेतृत्व को लेकर किसी तरह का सीधा विवाद खड़ा नहीं किया, लेकिन मुख्यमंत्री बनने की अपनी इच्छा खुलकर जाहिर कर दी.