Milk prices Hike: मुंबई और आसपास के इलाकों में दूध पीने वालों के लिए बड़ी खबर है. बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने होलसेल दूध की कीमत में एक झटके में 9 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला कर लिया है. नया रेट 1 सितंबर 2026 से लागू हो जाएगा.
मौजूदा समय में होलसेल में दूध 93 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है. बढ़ोतरी के बाद यह कीमत 102 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी. यानी मुंबईकरों को अब रोजाना के दूध पर ज्यादा खर्च करना पड़ेगा. यह नया रेट अगले छह महीने यानी 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगा.
एसोसिएशन का कहना है कि पिछले एक साल में चूनी, हरा चारा, खली और अन्य पशुआहार की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा ट्रांसपोर्ट खर्च भी बढ़ गया है, जिसकी वजह से डेयरी किसानों और तबेला मालिकों पर दबाव बढ़ गया है. त्योहारों के मौसम को देखते हुए भी यह फैसला लिया गया है.
दूध महंगा होने का असर सिर्फ दूध तक सीमित नहीं रहेगा. दही, मक्खन, घी, पनीर और मिठाइयों के दाम भी आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं. पहले से ही चीनी के दाम लगभग 20 रुपए महंगे हो चुके हैं, ऐसे में त्योहारों पर मिठाइयों का बजट और बढ़ सकता है.
मुंबई के आम लोगों के लिए यह बढ़ोतरी जेब पर सीधा बोझ बनने वाली है. अब देखना यह है कि खुदरा बाजार में दूध कितना महंगा होता है और उपभोक्ताओं पर इसका कितना असर पड़ता है.