नई दिल्ली: जेन-जी प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग का एक वीडियो आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है करीब 39 सेकेंड के इस वीडियो में नाबालिग अपनी मौजूदा स्थिति को लेकर परेशान नजर आ रही है और दावा कर रही है कि उसकी जिंदगी नर्क बन गई है.
वीडियो में नाबालिग कहती है, “मेरी जिंदगी नर्क बन गई है. मुझे हर जगह टॉर्चर किया जा रहा है” इसके बाद वह कहती है कि उसके पास जो कुछ था, वह सब चला गया. उसके मुताबिक, वह न तो कहीं जा सकती है और न ही कहीं रह सकती है.
नाबालिग ने वीडियो में कहा, “मेरे पास कोई फ्रीडम नहीं है. मुझे हर जगह अपना मुंह छिपा-छिपाकर रहना पड़ रहा है.” इसके बाद उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया.
आप की ओर से इस वीडियो को पोस्ट किए जाने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। वीडियो को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग नाबालिग द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग वीडियो में उसके द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों को लेकर जांच की मांग कर रहे हैं.
जेन-जी प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर पहले से ही राजनीतिक और सोशल मीडिया पर बहस जारी है. ऐसे में नाबालिग का यह वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया है. हालांकि, वीडियो में नाबालिग ने जिन परिस्थितियों और कथित टॉर्चर का जिक्र किया है, उनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.