लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बुलडोजर कार्रवाई, सरकारी संपत्तियों और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. इस दौरान उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा.
अखिलेश यादव ने जुझौतिखंड गढ़कुंडार के नरेश महाराजा खेतसिंह खंगार जूदेव को सम्मान देने की बात कही. उन्होंने कहा कि उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे. सपा सरकार बनने पर गोमती नदी के किनारे उनकी प्रतिमा लगाई जाएगी. अखिलेश ने कहा कि जातीय जनगणना के आधार पर समाज के लोगों को उनका हक और सम्मान दिया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने के तीन महीने के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी और महाराजा खेतसिंह खंगार को राजनीतिक सम्मान भी दिया जाएगा.
IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अधिकारी की भाषा और उनके बयानों को लेकर पहले भी सवाल उठे हैं. अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और ईमानदार अधिकारी काम नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि कई अधिकारियों ने रिटायरमेंट के लिए आवेदन किया है. बीजेपी के लोगों द्वारा अधिकारियों पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ईमानदार अफसरों पर जमीन कब्जाने और चंदा जुटाने तक का दबाव है. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेरोजगार हो जाएंगे.
ओम प्रकाश राजभर पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि हरदोई में अर्कवंशी समाज का कार्यक्रम सपा ने आयोजित किया था, लेकिन उनके कुछ साथी उन्हें छोड़कर चले गए. उन्होंने कहा कि सपा सभी समाजों को सम्मान देगी और सरकार बनने पर पिछड़े तथा वंचित समाज के लोगों को राजनीतिक भागीदारी दी जाएगी. अखिलेश ने बीजेपी पर अपने नेताओं और महापुरुषों के सम्मान में भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया.
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर अखिलेश ने अकबर नगर का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मंदिर और मस्जिद दोनों तोड़े गए. JPNIC मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर विरोधाभास का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिस आर्किटेक्ट की जांच की बात सरकार कर रही थी. उसी को दिल्ली में रेलवे स्टेशन बनाने का हजारों करोड़ रुपये का ठेका दिया गया.
अखिलेश ने कन्नौज के कथित पहले काऊ मिल्क प्लांट, छतर मंजिल और क्लार्क होटल के पास की बेशकीमती जमीन को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. वहीं, अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था पर हमला बोला. अखिलेश ने कहा कि दूसरे प्रदेश के माफिया उत्तर प्रदेश में आकर दिनदहाड़े 18 गोलियां चला रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रही है.