तिलक समारोह में डांस करने पटना आई दो सगी बहनों के साथ रातभर सामूहिक दुष्कर्म, 13 पर FIR

Amanat Ansari 21 Jun 2026 01:18: AM 1 Mins
तिलक समारोह में डांस करने पटना आई दो सगी बहनों के साथ रातभर सामूहिक दुष्कर्म, 13 पर FIR

पटना: बिहार की राजधानी में एक बार फिर महिला सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया है. नौबतपुर थाना क्षेत्र में तिलक समारोह में नृत्य करने के लिए बुलाई गई झारखंड की दो सगी बहनों के साथ रातभर बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म का बेहद क्रूर मामला सामने आया है. झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली दोनों बहनें पटना के मीठापुर इलाके में किराए के मकान में रहकर डांस प्रोग्राम करके गुजारा करती थीं. 18 जून को भेलुरा रामपुर निवासी मुन्ना कुमार ने उन्हें नौबतपुर क्षेत्र के एक गांव में तिलक समारोह में डांस करने के लिए बुक किया.

आरोपियों ने किया धोखा

कार्यक्रम स्थल पर ले जाने के बजाय मुन्ना कुमार, उसके चचेरे भाई सूरज कुमार, दोस्त भानु कुमार और अन्य साथियों ने दोनों बहनों को अलग जगह ले जाकर बंधक बना लिया. पीड़िताओं के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल छीन लिया और पूरी रात बारी-बारी से उनके साथ दुष्कर्म किया. भागने की कोशिश करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी.

सुबह शोर मचाकर बचाई जान

19 जून सुबह आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से छोड़ने के लिए फुलवारीशरीफ ले जाया. वहां पहुंचते ही दोनों बहनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और डायल-112 की टीम ने उन्हें बचाया. बाद में दोनों को नौबतपुर थाना ले जाकर बयान दर्ज कराया गया.

नौबतपुर थाना में कुल 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिसमें मुन्ना कुमार, सूरज कुमार और भानु कुमार समेत 10 नामजद व 3 अज्ञात आरोपी शामिल हैं. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश में छापेमारी जारी है. दोनों पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.

पटना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दी है. यह घटना बिहार में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाती है. पुलिस आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

Patna News Bihar News Bihar Crime Patna Rape Bihar Dancer Rape

Recent News