मेलोनी ने ट्रंप को दिया करारा जवाब: "अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दो, मेरी पर नहीं!"

Amanat Ansari 21 Jun 2026 01:05: AM 1 Mins
मेलोनी ने ट्रंप को दिया करारा जवाब:

रोम: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है. जी-7 शिखर सम्मेलन में फोटो खिंचवाने वाली पुरानी बात को लेकर ट्रंप के तीखे हमलों पर मेलोनी ने सख्त पलटवार किया है. ट्रंप ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मेलोनी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह फोटो के लिए गिड़गिड़ा रही थीं.

इसके अलावा उन्होंने मेलोनी के कामकाज पर भी सवाल उठाए, ईरान नीति, अमेरिकी सैन्य बेस और नाटो सहयोग पर उनकी रणनीति को लेकर तंज कसा. ट्रंप ने दावा किया कि मेलोनी अमेरिका के हितों की रक्षा नहीं कर रही हैं और अब अमेरिका की जीत के बाद दोस्ती बढ़ाना चाहती हैं.

मेलोनी का तगड़ा जवाब

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ट्रंप को सीधा जवाब देते हुए लिखा, "अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दीजिए, मेरी पर नहीं. मेरी लोकप्रियता आपकी दोस्ती या किसी की मदद पर निर्भर नहीं है. यह पूरी तरह से इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने पर टिकी है."

मेलोनी ने ट्रंप के हमलों को सेंसलेस (बेतुका) बताया और कहा कि इटली एक संप्रभु देश है. उन्होंने साफ किया कि अपने देश के हितों को देखते हुए उन्होंने अमेरिकी सैन्य बेस नहीं बनाने दिए. मेलोनी ने कहा, "मैं आपकी दोस्ती के कारण मशहूर नहीं हुई हूं."

यह विवाद जी-7 सम्मेलन के दौरान शुरू हुआ था, जब ट्रंप ने दावा किया कि मेलोनी उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मिन्नतें कर रही थीं. मेलोनी ने इसे "मनगढ़ंत" बताते हुए वीडियो संदेश जारी किया था. इटली के विदेश मंत्री एंतोनियो ताजानी ने ट्रंप के बयानों को "गंभीर और अपमानजनक" करार दिया और अपनी अमेरिका यात्रा भी रद्द कर दी.

दोनों नेताओं के बीच यह सार्वजनिक वाकयुद्ध अंतरराष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है. ट्रंप और मेलोनी दोनों ही दक्षिणपंथी विचारधारा के मजबूत चेहरे माने जाते हैं, लेकिन इस बार उनका टकराव काफी तीखा नजर आ रहा है.

Meloni Trump Girogia Meloni Donald Trump Girogia Meloni Donald Trump

Recent News