मुजफ्फरपुर: बिहार में इंटरकास्ट लव मैरिज पर परिवार ने बेटी को खौफनाक सजा दे दी. 19 वर्षीय सुजाता कुमारी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव को गंडक नदी किनारे जला दिया गया. पुलिस ने मृतका के भाई अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में अभिषेक ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है.
सुजाता कुमारी और गौरीशंकर कुमार का प्रेम संबंध करीब 6 साल पुराना था. दोनों अलग-अलग जाति के थे, इसलिए परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था. 18 जनवरी 2026 को दोनों घर से भागकर समस्तीपुर में कोर्ट मैरिज कर ली. इसके बाद दोनों हरियाणा चले गए. परिवार ने अपहरण का मामला दर्ज कराया. पुलिस ने फरवरी में दोनों को हरियाणा से बरामद किया.
परिवार के साथ रहने से किया था मना
कोर्ट में सुजाता ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई, लेकिन बाद में परिवार उसे वापस ले आया. परिजनों को आशंका थी कि सुजाता फिर से पति के पास चली जाएगी. इसी डर से परिवार ने 19 जून को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जला दिया. गौरीशंकर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उसके ससुराल वालों ने पत्नी की हत्या कर शव जला दिया है.
पति ने आत्महत्या की दी थी चेतावनी
उसने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की चेतावनी भी दी. इस वीडियो के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की. डीएसपी वन अलय वत्स ने बताया कि परिवार वाले डर के कारण यह अपराध किया. हत्या में 5 से ज्यादा लोगों की संलिप्तता बताई जा रही है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.