पाकिस्तान में बैक-टू-बैक आतंकी हमला! रिमोट कंट्रोल बम से उड़ाए कई वाहन, 7 लोगों की मौत

Amanat Ansari 20 Jun 2026 03:50: PM 1 Mins
पाकिस्तान में बैक-टू-बैक आतंकी हमला! रिमोट कंट्रोल बम से उड़ाए कई वाहन, 7 लोगों की मौत

खैबर पख्तूनख्वा: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर आतंकियों ने खौफनाक हमला किया. शनिवार सुबह बन्नू जिले के वजीर सब-डिवीजन के मरका बेरा इलाके (फांग मूसा खेल) में दो रिमोट कंट्रोल बम धमाके हुए, जिनमें 7 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

क्या हुआ पूरा मामला?

पहला धमाका तब हुआ जब डैटसन का एक प्राइवेट वाहन यात्रियों को लेकर डोमेल की ओर जा रहा था. आतंकियों ने रिमोट कंट्रोल से इसे निशाना बनाया. जोरदार ब्लास्ट में वाहन पूरी तरह से तबाह हो गया और 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर दूसरा धमाका हुआ. इसमें दूसरे वाहन को निशाना बनाया गया, जिसमें 2 और लोगों की जान चली गई.

बन्नू के डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिसर यासिर अफरीदी ने इसे "कायराना आतंकी हमला" बताया. रेस्क्यू 1122 की टीमों ने शवों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. आशंका है कि इलाके में और भी IED छिपे हो सकते हैं.

राष्ट्रपति जरदारी ने की निंदा

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा की और निर्दोष नागरिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया. बन्नू में हाल के महीनों में आतंकी हमलों में तेजी आई है. कुछ दिन पहले पुल उड़ाने की कोशिश, पुलिसकर्मियों की टारगेट किलिंग और मुठभेड़ जैसी घटनाएं हो चुकी हैं. इस हमले से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

Bannu blast news Khyber Pakhtunkhwa terror attack Pakistan double blast today

Recent News