बाराबंकी: कोर्ट मैरिज का सपना हिंसा में बदल गया. शुक्रवार को जिला कोर्ट परिसर में एक युवक को वकीलों और भीड़ ने पकड़कर जमकर पीटा. युवक पर दूसरे समुदाय की लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने और धर्मांतरण का आरोप लगाया गया.
युवक अपनी प्रेमिका (दूसरे धर्म की युवती) के साथ कोर्ट मैरिज कराने पहुंचा था. सूचना मिलते ही कोर्ट के कुछ वकीलों ने युवक को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. घटना की खबर फैलते ही और लोग जुट गए. युवक को बुरी तरह से पीटा गया, जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह भीड़ से छुड़ाकर उसे बचाया.
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर रामनगर थाने में भेज दिया. युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ धर्मांतरण और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दोनों रामनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. युवक सब्जी की दुकान चलाता है, युवती उसी दुकान पर आती-जाती थी.
इसी दौरान दोनों के बीच रिश्ता बना. पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है. युवती की मर्जी से शादी थी या नहीं, इसकी जांच भी की जा रही है. यह घटना बाराबंकी में लव जिहाद और कोर्ट मैरिज को लेकर उठ रहे संवेदनशील मुद्दों को फिर तूल दे रही है.