प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक 19 वर्षीय युवती, जिसने कुछ दिन पहले अपने प्रेमी पर रेप का आरोप लगाकर उसे जेल भिजवाया था, अब उसी युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है. जिद पूरी न होने पर उसने जिला न्यायालय परिसर की पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा कर दिया.
घटना क्या हुई?
गुरुवार शाम करीब 7 बजे युवती जिला कोर्ट परिसर पहुंची और पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई. देखते ही देखते कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. वकीलों और लोगों की भीड़ जमा हो गई, न्यायिक अधिकारी अपने कक्ष से बाहर निकल आए. पुलिस के हाथ-पांव फूल गए. युवती ने टंकी पर चढ़कर चिल्लाकर कहा कि वह अपने प्रेमी शिव वर्मा से शादी करना चाहती है.
पुलिस जब उससे बात करने पहुंची तो उसने शादी कराने की मांग की. फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह उसे टंकी से नीचे उतारा. इसके बाद युवती को कोतवाली ले जाया गया. युवती देहात कोतवाली क्षेत्र के कारीघाट की रहने वाली है.
उसने अंतू थाना क्षेत्र के मलहंग का पुरवा कोलगढ़ निवासी शिव वर्मा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का केस दर्ज कराया था. पुलिस ने आरोपी को 1 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. बाद में शिव वर्मा जमानत पर बाहर आ गया. अब युवती उसी आरोपी से शादी करने पर अड़ी हुई है.
पुलिस की कार्रवाई
न्यायालय सुरक्षा प्रभारी ने युवती पर आत्महत्या की धमकी देने का केस दर्ज कराया है. पुलिस ने युवती के खिलाफ शांति भंग का चालान भी काट दिया है. यह घटना कोर्ट परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.