बिहार : असम के जोरहाट में हाल ही में हुए भारतीय वायुसेना विमान हादसे में शहीद हुए फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को लेकर एक भावुक और विवादित मामला सामने आया है. हादसे में पांच जवानों ने अपनी जान गंवाई थी, जिनमें बिहार के रहने वाले शुभम कुमार भी शामिल थे. शहीद अधिकारी के परिवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उन्हें पता चला कि शुभम ने अपनी मंगेतर श्रेया राय से पहले ही कोर्ट मैरिज कर ली थी.
परिवार के अनुसार उन्हें इस शादी की कोई जानकारी नहीं थी. दोनों की अगले वर्ष सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ शादी होने वाली थी. कानूनी दस्तावेजों के आधार पर बिहार सरकार ने श्रेया राय को शुभम की पत्नी मानते हुए 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा. हालांकि, मुआवजा मिलने के बाद श्रेया के शहीद अधिकारी के श्राद्धकर्म से पहले ही अपने घर लौट जाने से परिवार में नाराजगी है.
शुभम के पिता अमरेंद्र शर्मा ने कहा कि यदि उनके बेटे ने वास्तव में श्रेया से विवाह किया था तो वह उनकी बहू हैं और सरकारी सहायता पाने की पूरी हकदार भी हैं, लेकिन उनका कहना है कि पत्नी होने के नाते अंतिम संस्कार और श्राद्धकर्म जैसी पारिवारिक जिम्मेदारियों में भी साथ रहना चाहिए था.
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है. कुछ लोग श्रेया के कानूनी अधिकारों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि शहीद अधिकारी के परिवार की भावनाओं का भी सम्मान किया जाना चाहिए. फिलहाल यह मामला परिवार और समाज के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.