नई दिल्ली: यमन के तट के पास लाल सागर में भारतीय झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज एमएसवी फैजे नूरे ओलिया पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. हमले के बाद जहाज पलटकर डूब गया. जहाज पर सवार सभी 13 भारतीय नाविक और एक विदेशी नागरिक सुरक्षित बचा लिए गए. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि यमन कोस्ट गार्ड ने सभी 14 नाविकों (13 भारतीय सहित) को सुरक्षित बचाकर मोखा पोर्ट पहुंचा दिया है. सोनोवाल ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, ''यह निर्दोष नागरिक जहाज पर बिना किसी उकसावे का हमला है. हमारे लोगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.''
विदेश मंत्रालय ने भी हमले की निंदा की. मंत्रालय ने कहा कि हम लाल सागर में यमन के तट पर डूबे भारतीय झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज एमएसवी फैजे नूरे ओलिया पर हुए हमले की निंदा करते हैं. सभी 13 भारतीय नागरिक सुरक्षित बचा लिए गए हैं.
रियाद स्थित हमारे दूतावास स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और यमन अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं. यह घटना लाल सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों की श्रृंखला का हिस्सा है. इस इलाके में समुद्री सुरक्षा तनावपूर्ण बनी हुई है. भारत सरकार ने नाविकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सभी एजेंसियों को निर्देश दिए हैं.