नई दिल्ली: पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की हार के ठीक एक दिन बाद जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले. मुलाकात के दौरान जदयू नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ललन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद रहे.
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार जी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. नीतीश कुमार ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया. उन्होंने कहा कि संसद भवन परिसर स्थित प्रधानमंत्री के कार्यालय में यह मुलाकात हुई.
बांकीपुर भाजपा का पारंपरिक गढ़ माना जाता था. उपचुनाव इसलिए कराया गया क्योंकि नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने और फिर राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी. उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया.
इस साल अप्रैल में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद राज्य में पहली बार भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने सरकार की कमान संभाली. बिहार में भाजपा और जदयू दोनों सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा हैं.
बांकीपुर में भारी हार के बाद नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री से मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि इस मुलाकात का बिहार की सत्ता समीकरण पर क्या असर पड़ता है.