नई दिल्ली: भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को अगले महीने नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. यह निमंत्रण उन्हें BIMSTEC के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में दिया गया है. इसके अलावा भारत ने उन्हें द्विपक्षीय यात्रा का भी अलग से न्योता भेजा है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने मंगलवार को नियमित प्रेस ब्रीफिंग में इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा, ''ब्रिक्स समिट के संबंध में भारत ने बांग्लादेश प्रधानमंत्री को BIMSTEC के मौजूदा चेयर के रूप में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में भाग लेने का अलग से निमंत्रण दिया है. यह निमंत्रण ब्रिक्स में आउटरीच सत्रों के लिए अपनाई जा रही मानक प्रथा के अनुरूप है. अन्य क्षेत्रीय समूहों के प्रमुखों को भी इसी तरह आमंत्रित किया गया है.''
18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा. भारत इस समय ब्रिक्स का अध्यक्ष देश है. सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभाव समेत वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होने की उम्मीद है. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है.
तारिक रहमान फरवरी में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बने थे. भारत ने उनके कार्यकाल के दौरान द्विपक्षीय मुलाकात का भी निमंत्रण दिया है. दोनों देशों के बीच लंबे समय के राजनयिक तनाव के बाद संबंधों को मजबूत करने की कोशिश चल रही है.
BIMSTEC में भारत, श्रीलंका, थाईलैंड, बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल और भूटान शामिल हैं. ब्रिक्स अब 11 सदस्यों वाला समूह बन चुका है, जो विश्व की करीब 49.5 प्रतिशत आबादी, 40 प्रतिशत जीडीपी और 26 प्रतिशत वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करता है.