भोपाल: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि मेरी राजनीति का अब पटाक्षेप हो गया है. मेरी राजनीतिक पारी खत्म हो गई है.
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वे तीन बार विधायक रहे हैं और पार्टी ने उन्हें 15 साल मंत्री रहने का मौका दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि मेरी भूमिका अभी तक एक कार्यकर्ता की थी, आगे भी मैं यही रखना चाहता हूं. मुझे किसी पद की अभिलाषा नहीं है. मैं चाहता हूं कि पार्टी मुझे एक कार्यकर्ता की तरह काम करने का अवसर देती रहे.
उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें ज्वाइनिंग टोली का संयोजक बनाया था और महाराष्ट्र, दिल्ली व बिहार चुनाव में भेजा था. उन्होंने इच्छा जताई कि पार्टी इसी तरह उन्हें कहीं न कहीं काम में भेजती रहे. दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उनका टिकट कट गया.
इसके बाद उन्होंने प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का जोरदार समर्थन किया था, लेकिन भाजपा हार गई. खास बात यह रही कि नरोत्तम मिश्रा के अपने बूथ पर भी भाजपा जीत दर्ज नहीं करा सकी. उनके इस बयान से प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. अब देखना होगा कि भाजपा हाईकमान इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया देती है.