भोपाल: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी अब एक्शन मोड में आ गई है. हार की जिम्मेदारी तय करने को लेकर भोपाल में आत्ममंथन बैठक हुई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भीतरघात के गंभीर आरोप लगाए हैं. सूत्रों के मुताबिक जल्द ही दतिया भाजपा कार्यकारिणी भंग की जा सकती है और जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं पर गाज गिर सकती है.
आशुतोष तिवारी आज मुख्यमंत्री आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक में पहुंचे. उन्होंने सत्ता और संगठन के अंदरूनी खेमेबाजी व भीतरघात को लेकर बड़े खुलासे किए. बैठक में सरकार और संगठन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. सूत्रों का कहना है कि हार के मद्देनजर दतिया भाजपा इकाई में बड़े फेरबदल के संकेत हैं.
जिन नेताओं ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद बवाल किया था और विरोध में सामूहिक इस्तीफे सौंपे थे, उनके खिलाफ हाईकमान सख्त एक्शन ले सकती है. कुछ पार्षदों पर भी भीतरघात के आरोप लगे हैं. उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को हराया था.
हार के बाद आशुतोष तिवारी ने खुद स्वीकार किया था कि कुछ लोगों ने पार्टी के साथ मजाक किया. अब पार्टी स्तर पर जवाबदेही तय करने की तैयारी चल रही है. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि दतिया हार को भाजपा गंभीरता से ले रही है और संगठन को मजबूत करने के लिए बड़े बदलाव किए जा सकते हैं. आगे क्या एक्शन होता है, इसका इंतजार है.