नई दिल्ली: भारत और चीन के बीच संबंधों में सुधार के संकेतों के बीच चीन ने एक बार फिर भारत का आभार जताया है. चीन के रक्षा अताशे रियर एडमिरल यू जियान ने कहा कि पिछले साल केरल तट पर हुए जहाज हादसे में 12 चीनी नाविकों को बचाने के लिए भारत का एहसान वे कभी नहीं भूलेंगे. पिछले साल जून में केरल तट के पास एक मालवाहक जहाज में आग लगने और विस्फोट की घटना हुई थी.
भारतीय सेना ने तुरंत बचाव अभियान चलाकर 12 चीनी नाविकों को सुरक्षित निकाला था. मंगलवार को चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की 99वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यू जियान ने इस मानवीय सहायता की सराहना की. उन्होंने कहा, ''हम यह कभी नहीं भूलेंगे कि भारतीय सेना ने हमारे 12 नाविकों को बचाया.''
चीनी रक्षा अताशे ने कहा कि भारत और चीन दोनों महत्वपूर्ण पड़ोसी देश हैं और दोनों के साझा हित आपसी मतभेदों से कहीं बड़े हैं. उन्होंने दोनों देशों की सेनाओं के बीच संवाद, विश्वास और सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया. यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हालिया मुलाकातों के बाद द्विपक्षीय संबंधों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं.