लखनऊ : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित CAPF, SSF कांस्टेबल जीडी और असम राइफल्स राइफलमैन ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और अहम सदस्य लोकेश को राजस्थान से गिरफ्तार किया है. STF के अनुसार, आरोपी पहले से गिरफ्तार किए जा चुके मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों का करीबी सहयोगी था तथा पूरे नेटवर्क के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था.
जांच में सामने आया कि यह गैंग परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर नेटवर्क में प्रॉक्सी सर्वर इंस्टॉल कर ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली को बायपास करता था, इसके बाद स्क्रीन-शेयरिंग और रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए बाहर बैठे सॉल्वर अभ्यर्थियों के प्रश्न हल करते थे, इसके बदले प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब चार लाख रुपये तक वसूले जाते थे. रकम का बंटवारा गिरोह के अलग-अलग सदस्यों के बीच तय हिस्से के अनुसार किया जाता था.
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब STF ने ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर छापा मारकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था. मौके से करीब 50 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन, राउटर, अभ्यर्थियों की सूची, एडमिट कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए थे. जांच आगे बढ़ने पर फरार आरोपियों की तलाश जारी रही, जिसके बाद लोकेश को राजस्थान से दबोच लिया गया.
STF का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं को निशाना बना रहा था और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से भर्ती प्रक्रिया में सेंध लगा रहा था. एजेंसी अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों, आर्थिक लेन-देन, तकनीकी नेटवर्क और इस पूरे रैकेट से जुड़े संभावित परीक्षा केंद्रों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है. मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.