ग्वालियर: सेवानिवृत्ति से महज एक दिन पहले ग्वालियर नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) सुशील कटारे (62) को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. वे 31 जुलाई को रिटायर होने वाले थे, लेकिन आखिरी समय में रिश्वत का लालच उनके लिए भारी पड़ गया. ठेकेदार सचिन पचौरी ने लोकायुक्त पुलिस में शिकायत की थी कि उनके सिविल कार्यों के लगभग 36 लाख रुपए के बिल बकाया थे.
इन बिलों को पास कराने के एवज में कटारे ने 1% कमीशन यानी 36,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी. ठेकेदार ने पहले ही 30,000 रुपए दे दिए थे, लेकिन बाकी 6,000 रुपए के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था. लोकायुक्त एसपी निरंजन शर्मा के निर्देशन में टीम ने गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में जाल बिछाया.
जैसे ही ठेकेदार ने बाकी 6,000 रुपए कटारे को दिए, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया. केमिकल टेस्ट में आरोपी के हाथ गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई. इस कार्रवाई के बाद नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया. सुशील कटारे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.