वैशाली: जिलाधिकारी आईएएस वर्षा सिंह ने गुरुवार को बिदुपुर प्रखंड के सहदुल्लाहपुर धबौली खजबत्ता गांव में किसान उमेश राय के खेत में उतरकर मजदूरों के साथ धान की रोपाई की. कीचड़ भरे खेत में खुद रोपनी करते डीएम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. डीएम वर्षा सिंह ने महिला मजदूरों और किसानों के साथ खेत में काम करते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया.
बिहार में वैशाली की DM वर्षा सिंह अपने जिले के अंदर खेत में उतरकर महिलाओं के साथ धान रोपनी करती हुई!#Bihar @dm_vaishali pic.twitter.com/mu4FSb5fMF
— SOURAV RAJ (@souravreporter2) July 31, 2026
उन्होंने कहा कि कृषि जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने किसानों से समय पर धान रोपनी करने, उन्नत बीजों का उपयोग करने और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की अपील की. इस मौके पर किसानों ने डीएम की इस पहल की सराहना की और कहा कि प्रशासन की सीधी भागीदारी से उनका मनोबल बढ़ा है.
जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि विभाग किसानों को बीज, खाद और तकनीकी सहायता उपलब्ध करा रहा है. डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को हर संभव सहायता समय पर मिले और कृषि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
उन्होंने प्राकृतिक खेती से जुड़े 10 क्लस्टर के 1250 किसानों को डीबीटी के माध्यम से 2 हजार रुपये प्रति एकड़ का भुगतान भी सुनिश्चित किया और बायो रिसर्च सेंटर खजबत्ता का निरीक्षण किया. जिले में धान रोपनी का लक्ष्य 48,831 हेक्टेयर है, जिसमें 28 जुलाई तक 69 प्रतिशत रोपनी हो चुकी है. कम बारिश के कारण कुछ किसानों ने मक्के की बुआई भी शुरू कर दी है.