‘खान सर के साथ खड़े हैं!’ फिजिक्सवाला अलख पांडे का बड़ा बयान, पटना कोचिंग विवाद में नया ट्विस्ट 

Amanat Ansari 18 Jun 2026 02:19: PM 1 Mins
‘खान सर के साथ खड़े हैं!’ फिजिक्सवाला अलख पांडे का बड़ा बयान, पटना कोचिंग विवाद में नया ट्विस्ट 

पटना: बिहार की कोचिंग इंडस्ट्री में चल रहे तीखे विवाद में अब देश के मशहूर एजुकेटर अलख पांडे (PhysicsWallah) भी कूद पड़े हैं. खान सर (फैजल खान) और रौशन आनंद सर के बीच चल रहे विवाद पर अलख पांडे ने साफ कहा, ''हम अंत तक खान सर के साथ हैं!''

अलख पांडे का पूरा बयान

अलख पांडे ने कहा, ''मुझे खान सर पर कई कमेंट्स मिल रहे हैं. एक बात बताइए अगर आपके भाई पर कोई आरोप लगे तो आप चुपचाप वीडियो बनाते बैठेंगे या उसकी मदद करेंगे? एक इंसान जो पिछले 5 साल से देशभर में बहुत सस्ती शिक्षा दे रहा है, यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए लाखों छात्रों तक पहुंच रहा है. उसका कोई कर्तव्य नहीं था बिहार आकर सस्ते अस्पताल खोलने का, लेकिन उसने किया. आज उसी इंसान पर फैजल खान ने ये किया, वो किया कहकर हमला हो रहा है.''

अलख पांडे ने आगे जोर देकर कहा, ''जो सच्चाई है वो सामने आनी चाहिए. निष्पक्ष जांच हो, पुलिस सच बोल दे. अगर खान सर के भाई में कोई कमी निकले तो सजा मिलनी चाहिए. लेकिन हम खान सर के साथ शुरुआत से अंत तक खड़े हैं.'' उन्होंने रौशन आनंद सर के भाई की मौत पर दुख भी जताया और कहा कि दोषी पाए जाने वाले पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

कैसे शुरू हुआ विवाद

हाल ही में पटना के प्रसिद्ध टीचर गुरु रहमान ने खान सर को ''झूठा'' बताया था और रौशन आनंद सर के साथ खड़े होने का ऐलान किया था. रौशन आनंद सर के भाई की मौत के मामले में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है.

अब अलख पांडे के बयान से इस विवाद में नया मोड़ आ गया है. यह विवाद बिहार की कोचिंग इंडस्ट्री की आंतरिक प्रतिस्पर्धा को लेकर छात्रों और शिक्षकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. अलख पांडे जैसे बड़े नाम के समर्थन से खान सर को मजबूती मिलने की उम्मीद है. अभी तक पुलिस जांच जारी है और सच्चाई सामने आने का इंतजार है. 

Physics Wallah Alakh Pandey Khan Sir Raushan Aanad

Recent News