उन्नाव: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उन्नाव में विकास की बाढ़ ला दी. उन्होंने कुल 570 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. सौगातों की बारिश के बाद सीएम योगी ने कांग्रेस और सपा पर जमकर प्रहार किया. सीएम योगी ने कहा, ''रामायण में खर-दूषण की तरह कांग्रेस और सपा का माफिया राज था. दोनों दल देश की दुर्गति के लिए जिम्मेदार हैं.''
उन्होंने आगे कहा कि पिछली सरकारें सिर्फ परिवारवाद तक सीमित थीं. कांग्रेस के लिए नेहरू परिवार और सपा के लिए सैफई परिवार ही सब कुछ था. आवाज उठाने वालों की आवाज दबा दी जाती थी. दंगा-कर्फ्यू फैलाने वाले आज उपदेश दे रहे हैं, उनके दोहरे चरित्र पर हंसी आती है.
विकास की बड़ी घोषणाएं
महिलाओं, गरीबों और युवाओं पर फोकस
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हर संकट का सामना किया गया. गरीब, महिला, किसान और युवाओं के लिए युद्ध स्तर पर योजनाएं चल रही हैं. नारी सुरक्षा और सम्मान के कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. अब किसी को सिफारिश या घूस के लिए हाथ नहीं फैलाना पड़ता. अधिकारी खुद लाभार्थियों के घर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देते हैं.
100 साल का विजन
सीएम ने जोर देकर कहा कि विकास की योजनाएं सिर्फ आज के लिए नहीं, बल्कि अगले 100 वर्षों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं. उन्होंने कहा, ''जनप्रतिनिधियों का नाम 100 साल तक लोग याद रखेंगे.'' काशी, वृंदावन, गंगा और भगवान श्री राम की कृपा से उत्तर प्रदेश में त्योहारों पर अब सुरक्षा का माहौल बनता है. उन्नाव में विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं पड़ेगी. यह कार्यक्रम यूपी में डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है, जिसमें विपक्षी दलों के परिवारवाद और माफिया राज की तुलना में बेहतर शासन की तस्वीर साफ दिख रही है.