मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं. शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के MLC कृपाल तुमाने ने बड़ा दावा किया है कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) में 7 सांसद जल्द ही बगावत कर सकते हैं. उन्होंने इसे ‘ऑपरेशन टाइगर’ का नाम दिया है. तुमाने ने कहा कि इन 7 सांसदों से एक महीने से लगातार चर्चाएं चल रही हैं. अब बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है. उन्होंने संकेत दिया कि मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले ही यह टूट हो जाएगी.
तुमाने ने कहा, ''जांच हो चुकी है, रिपोर्ट आ चुकी है. अब बस ऑपरेशन का दिन तय होना बाकी है.'' ''7 सांसद हमारे साथ आने वाले हैं, यह पक्की बात है.'' उन्होंने शिंदे की कार्यशैली और विकास कार्यों को आकर्षण का कारण बताया. MLC ने यह भी कहा कि सांसदों को उद्धव ठाकरे की कार्यशैली में कुछ न कुछ तकलीफ है, इसलिए वे शिंदे गुट में शामिल होना चाहते हैं.
संजय राउत का पलटवार
शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इस दावे से इनकार किया है. उन्होंने कहा, ''कृपाल तुमाने कौन हैं? महाराष्ट्र की राजनीति में उनका कोई वजूद नहीं है. भाजपा सिर्फ पार्टियां तोड़ने का काम कर रही है.'' यह घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब TMC में भी बगावत का सिलसिला जारी है. उद्धव ठाकरे गुट के लिए यह नया संकट बन सकता है. अभी तक इन 7 सांसदों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. मॉनसून सत्र से पहले महाराष्ट्र की सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है.