पटना: आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के बीच कथित रिलेशनशिप का विवाद एक बार फिर गरम हो गया है. अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने तेज प्रताप के खिलाफ पटना कोर्ट में नालिशी मुकदमा दायर कर दिया है. आकाश यादव का आरोप है कि 6 जून की रात तेज प्रताप यादव अपने पीए मोतीलाल यादव के साथ जबरन उनके घर में घुस आए और अपनी भांजी उज्जैनी (अनुष्का की बेटी) से मिलने की कोशिश की.
आकाश यादव का आरोप
तेज प्रताप अक्सर जबरन घर आते रहते थे, परिवार डर के मारे उन्हें रोक नहीं पाता था. इस बार मां और बहन ने गेट नहीं खोला तो तेज प्रताप ने शौचालय जाने का बहाना बनाकर घर में घुस गए और अंदर ही रहे. जब आकाश ने फोन पर इसकी शिकायत की तो तेज प्रताप ने धमकी दी कि उज्जैनी से मिलने से रोका तो भांजी का अपहरण करवा देंगे.
बाद में एक विदेशी नंबर से खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले व्यक्ति ने फोन कर गोली मारने की धमकी दी.
आकाश यादव ने 10 जून को पाटलिपुत्रा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन FIR न दर्ज होने पर उन्होंने कोर्ट का रुख किया. कोर्ट में दायर मुकदमे के साथ उन्होंने पुलिस शिकायत की कॉपी और सबूत भी लगाए हैं.
अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी का जन्म फरवरी 2026 में हुआ था. उस समय तेज प्रताप यादव ने अनुष्का और उज्जैनी दोनों से अपने संबंध से इनकार किया था. बाद में दोनों पक्षों के बीच कुछ गर्माहट लौटी थी, लेकिन अब आकाश यादव के कोर्ट पहुंचने से पूरा मामला फिर सुर्खियों में आ गया है.
यह घटना लालू यादव परिवार और आरजेडी के लिए नई मुश्किल खड़ी कर सकती है. अभी तक तेज प्रताप यादव की तरफ से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. पटना कोर्ट अब इस नालिशी मुकदमे पर सुनवाई करेगा.