बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इस ऑपरेशन के बाद सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ गई है और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खुफिया निगरानी तेज कर दी गई है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद उमर और फैजान के रूप में हुई है. दोनों बुलंदशहर के अकबरपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. ATS को लंबे समय से इनकी गतिविधियों पर संदेह था और लगातार तकनीकी निगरानी तथा खुफिया इनपुट जुटाए जा रहे थे. पर्याप्त सबूत मिलने के बाद टीम ने छापेमारी कर दोनों को हिरासत में ले लिया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों संदिग्ध कथित रूप से स्लीपर सेल की तरह काम कर रहे थे और अपनी वास्तविक गतिविधियों को छिपाकर स्थानीय स्तर पर नेटवर्क मजबूत करने में जुटे थे. जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि इनके संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी आबिद जट से जुड़े हुए थे. माना जा रहा है कि दोनों को विदेशी हैंडलर्स से निर्देश प्राप्त हो रहे थे. एडीजी कानून-व्यवस्था एवं ATS अमिताभ यश ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत पूछताछ की जा रही है. दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए ATS मुख्यालय ले जाया गया है.
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनका नेटवर्क कितना बड़ा है, किन लोगों से इनके संपर्क थे और क्या किसी बड़ी साजिश की तैयारी की जा रही थी. जांच के आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.